Showing posts with label हिमाचल. Show all posts
Showing posts with label हिमाचल. Show all posts
Aadarsh Rathore
आज टीवी पर स्कूल के बच्चों को सफाई करते देखा तो अपना टाइम याद आ गया। मगर सफाई के बहाने कोई दूसरी बात ध्यान में आई। मैं 11 साल तक सरकारी स्कूल में पढ़ा हूं। हफ्ते में सिर्फ 1 पीरियड(35 मिनट का) होता था खेल का और उसमें भी हमसे स्कूल कैंपस की सफाई करवाई जाती थी। सफाई क्या, पेड़ों से गिरे पत्ते उठवाए जाते थे और घास उखड़वाई जाती थी।

स्कूल में खेल का माहौल तभी बनता था जब टूर्नमेंट आते थे। इससे पहले खेल-कूद का सामान सिर्फ स्टोर्स में रखा नजर आता था। पीटीआई और डीपी का काम मॉर्निंग असेंबली करवाना और स्कूल कैंपस में अनुशासन बनाए रखना था। इस वजह से उन्हें बच्चों को खेल-कूद के बारे में बताना का समय ही नहीं मिलता था।

अब सोचिए, जब स्कूलों में हफ्ते में सिर्फ एक पीरियड खेल के लिए दिया जाएगा और उसमें भी सफाई करवाई जाएगी या ग्राउंड में कहीं छाया पर शोर न मचाने की हिदायत के साथ बिठाकर रखा जाएगा तो खिलाड़ी कहां से पैदा होंगे? हम लोग खेलों में मेडल तो चाहते हैं, लेकिन स्कूलों में खेल-कूद को आज भी तवज्जो नहीं देते।

पुरानी कहावत है हिमाचली में- मुतरा मंझ मछियां नी मिलदी। इसलिए अगर इंटरनैशनल स्पोर्ट्स इवेंट्स में छाना है, तो स्कूलों में हर रोज स्पोर्ट्स का पीरियड होना चाहिए। भले ही एक-आध सब्जेक्ट कम करना पड़े या सिलेबस घटना पड़े।
Aadarsh Rathore
हिमाचल प्रदेश में दलित बच्चों के साथ दुर्व्यवहार की शर्मनाक घटना ने हिलाकर रख दिया है। अमर उजाला ने शिमला से एक खबर छापी है कि किसी स्कूल में दलित बच्चों को अलग बिठाकर मिड-डे मील खिलाया गया। यही नहीं, सामान्य वर्ग के पैरंट्स भी स्कूलों में पहुंच गए और उन्होंने अपने बच्चों को अलग बिठाकर खाना खिलाया। उनका कहना था कि स्कूल के बाहर भी यही परंपरा है। गैर-जिम्मेदार अमर उजाला ने भी स्कूल का नाम तो नहीं दिया, मगर बच्चों की तस्वीर छाप दी।

मैं इस घटना से सन्न हूं। ऐसा भेदभाव बेहद शर्मनाक है। मासूम बच्चों के दिमाग पर कितना बुरा असर पड़ा होगा इस घटना का। सामान्य वर्ग के बच्चों के बाल मन में यह भावना घर कर गई होगी कि वे श्रेष्ठ हैं और बाकियों के साथ नहीं बैठना चाहिए। वहीं दलित परिवारों के बच्चों के मासूम दिल पर इसका जो असर हुआ होगा, उसकी आप कल्पना भी नहीं कर सकते।

स्कूल में ऐसी घटिया, बांटने वाली और शर्मनाक घटना को होने देने से बेहतर होता कि मिड-डे मील परोसा ही नहीं जाता। स्कूल के स्टाफ को भी अड़ जाना जाना चाहिए था कि या तो बच्चे साथ खाएंगे या फिर किसी को मिड-डे मील नहीं परोसा जाएगा। विभाग को सूचित किया जाना चाहिए था।

अरे ओ नालायको! अपने घर में जो करते हो करो, इस सोच को अपने घर की चारदीवारी के बाहर मत आने दो। विद्या के मंदिरों को तो बख्श दो। कैसे समाज का निर्माण करना चाह रहे हो आप? बहिष्कार तो इन चू**यों का किया जाना चाहिए, जिनकी अक्ल पर पत्थर पड़ गया है। भाड़ में जाएं ऐसी अगड़ी जातियां, जिनकी सोच पिछड़ी हुई है।
जानकारी मिली है कि जिन बच्चों ने स्कूल छोड़ा है, उनके घरों में द्यो(देवता की पालकी) हैं। इनके पैरंट्स देव परम्परा का हवाला देकर कह रहे हैं कि हमारे बच्चे 'अछूतों' के साथ नहीं बैठेंगे। ये लोग मन्दिरों में भी दलितों को आने नहीं देते न ही द्यो के पास। अगर कोई दलित गलती से ऐसा कर दे तो उससे कहते हैं- सट बकरा, द्यो नराज़ होई गेया(देव नाराज़ हैं, प्रसन्न करने के लिए बकरे की बलि दो)।

दलित के घर से आया बकरा इनके लिए अछूत नहीं, उसे देखकर तो लार टपकती है। देव परम्परा के नाम पर सदियों से ये लोग ऐसा ही करते आए हैं। चौहार घाटी के देवताओं के कारिंदे भी ऐसा ही करते हैं। हमारे यहां देवताओं को बहुत माना जाता है। लोगों का विश्वास है कि आज के युग में भी वे इंसानों से अपने पुजारी के जरिए बात करते हैं। लोगों को हिदायतें देते हैं, समस्याओं को दूर करते हैं। मगर ऐसे देवता अगर वाकई इस घटिया परम्परा को बनाए रखने के हिमायती हैं, तो मैं उन्हें ख़ारिज करता हूं।

जब हॉस्पिटल में जाते हो तो डॉक्टर की जाति पूछते हो, कभी सोचा है कि आपके कपड़े, दवाइयां, बिस्किट और अन्य पैक्ड आइटम्स किसने बनाई हैं? होटेल, रेस्तरां में खाना बना और परोस रहा है? तब कहां जाती है छूत-अछूत वाली बात। असल बात यह है कि गांव-पड़ोस में ही हीरो बन सकते हैं आप। किसी को नीचा दिखाकर अपनी झूठी शान जो बनाए रखनी है।
काश! अपने देश में भी ऐसी व्यवस्था होती कि निकम्मे पैरंट्स से उनके बच्चे छीन लिए जाएं और सरकार खुद उनकी परवरिश करे। मगर अफ़सोस! यहां तो अभी भुखमरी और कुपोषण दूर करने के लिए 'मिड डे मील' खिलाया जा रहा है। इस बार घर जाऊंगा तो चौहार घाटी के बड़े देवताओं से 'पूछ' लेने की कोशिश करूंगा कि इस जातिवाद पर उनका क्या रुख है।
Aadarsh Rathore
स्कूल टाइम की एक मज़ेदार घटना बताता हूं। खबर आई थी कि कारगिल में पाकिस्तान ने घुसपैठ की है। मुझे एक कविता याद थी, जो हालात पर सटीक बैठ रही थी। अगले ही दिन मॉर्निंग असेम्बली में मैं वह कविता सुनाने लग गया। वह थी तो वीर रस की एकदम जोश भरी कविता, लेकिन मैंने महसूस किया कि स्टूडेंट्स ठहाके लगाकर हंस रहे थे।

कविता थी- लौट जा बर्बर लुटेरे लौट जा, मत लगा इस ओर फेरे लौट जा। जैसे-तैसे कविता ख़त्म की और हैरान होकर सोचने लग गया कि लोग आखिर हंस क्यों रहे थे। बाद में मालूम हुआ कि मेरे उच्चारण में एक बड़ी गलती थी। मैं 'ओ' और 'औ' को एक ही तरह से पढ़ता था।

तो मैं मंच से लोगों को सुना रहा था- लोट जा बर्बर लुटेरे लोट जा, मत लगा इस ओर फेरे लोट जा  ज़रा लुटेरे को ज़मीन पर लोटकर पलटियां खाते इमैजिन कीजिए।
Aadarsh Rathore
Humans of New York वाले फटॉग्रफर ब्रैंडन स्टैंटन पिछले दिनों भारत यात्रा पर आए थे। वह हिमाचल प्रदेश भी आए थे और धर्मशाला में ठहरे थे। उन्होंने कुछ तस्वीरें भी शेयर की हैं, जिनमें से ज्यादातर तिब्बतियों की हैं। पेज पर आपको हिमाचल और हिमाचलियों को स्थापित करती कोई भी तस्वीर आपको नहीं मिलेगी।

आखिर क्या वजह रही इसकी? हालांकि ब्रैंडन पर सिलेक्टिव फोटोब्लॉगिंग के आरोप लगते रहे हैं। यानी वे दुनिया के आम आदमियों की सिर्फ वैसी ही तस्वीरें और बातचीत शेयर करते हैं, जो न्यू यॉर्क के लोगों को पसंद आएं। मगर क्या उस पॉइंट ऑफ व्यू से भी हम अपीलिंग नहीं हैं?

शायद नहीं। क्योंकि हमारे पास अपनी संस्कृति के नाम पर रह क्या गया है? हमारा खान-पान, बोल-चाल, रहन-सहन और पहनावा वगैरह सब बदल गया है। हम खुद अपनी पहचान खो चुके हैं। ऐसे में भीड़ में सिर्फ वे लोग ही नजर आते हैं, जो कुछ अलग हों। जैसे तिब्बती। पराये मुल्क में रह रहे है, लेकिन बहुत हद तक वैसे ही, जैसे तिब्बत में रहते थे।

हिमाचल, जो सांस्कृतिक रूप से बेहद समृद्ध था, आज गुम होता जा रहा है। बाहर से लोग यहां इसका सांस्कृतिक रंग देखने नहीं आते। वे तीन वजहों से आते हैं-

1. हनीमून या छुट्टियां मनाने के लिए
2. चरस और गांजा पीने के लिए
3. तिब्बती/बौद्ध परंपरा को समझने के लिए

अब कुछ किया भी नहीं जा सकता। जिस पथ पर हम आगे बढ़ चुके हैं, वहां से पीछे जाना संभव नहीं है।
Aadarsh Rathore

क्या आपने कभी किसी को लव लेटर भेजा है? संभवत: हमारी वाली जेनरेशन आखिरी जेनरेशन है, जिसने लव लेटर या प्रेम पत्र इस्तेमाल किया होगा। मैं तो ऐसा नहीं कर पाया, लेकिन आपको जानकर हैरानी होगी कि जब मैं तीसरी क्लास में पढ़ता था, तब मेरे एक क्लासमेट ने क्लास में नई आई एक लड़की को 'प्रेम पत्र' भेजा था।
मैं हमेशा यह सोचकर हैरान रहता था कि इतनी कम उम्र में जनाब को ऐसा करने की प्रेरणा कैसे मिली होगी। कमाल की बात यह है कि जब वह लड़का 'प्रेम पत्र' लिख रहा था, तब हम कुछ और लड़के भी आसपास बैठे थे। उसने बड़ी ही सादगी से कागज पर सबसे ऊपर लिखा: बम-बम भोले, जिसकी चिट्ठी वही खोले। इसके बाद 3 लाइनें लिखी थीं, जो शायद इस तरह से थीं-
'प्रिय *****, मैं जब भी तुम्हें देखता हूं तो मुझे बहुत अच्छा लगता है। मुझे तुम्हारे पास बैठना पसंद है। मैं तुम्हें बहुत प्यार करता हूं।'

जब यह सब लिखा जा रहा था, तब मुझे पता नहीं चल रहा था कि यह क्या हो रहा है। न ही ऐसा महसूस हुआ कि यह सब गलत है या हमारी उम्र के हिसाब से कुछ ज्यादा ही अलग व्यवहार है। इसका अहसास तब हुआ जब मेरे उस क्लासमेट ने किसी के जरिए उस लड़की तक वह कागज का पुर्जा पहुंचा दिया। इसके बाद लड़कियों के खेमे में जो खुसर-पुसर शुरू हो गई, तब लगा कि मामला कुछ गड़बड़ है।

वह 'प्रेम पत्र' एक टीचर तक पहुंचा और फिर तमाम टीचर्स बारी-बारी से उसे पढ़ने लगे। कुछ हंस रहे थे, कुछ गंभीर थे। इसके बाद पहले तो उस आशिक की धुनाई हुई। रोते-रोते उसने कहा कि जब मैं यह लिख रहा था, तो आदर्श और बाकी लड़के भी साथ थे। बस फिर क्या था, सबकी ऐसी परेड हुई कि जिंदगी में कभी प्रेम पत्र लिखने की हिम्मत नहीं पड़ी। 
Aadarsh Rathore
आज हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले और आसपास के इलाकों में 'सैर' मनाई जा रही है। यह त्योहार हर साल सितंबर महीने में मनाया जाता है। इस दिन सुबह-सुबह ताजा फसल के आटे से रोट बनाए जाते हैं, साथ ही देवताओं को नई फसलों और फलों वगैरह का भोग लगाया जाता है। पहले इस दिन अखरोट (walnut) से निशाना लगाने वाला खेल भी खेला करते थे। शायद आज कुछ गांवों में यह परंपरा बची हुई हो। इसी दिन रक्षाबंधन के दिन पहनी गई राखी को भी उतारा जाता है।


इस त्योहार को मनाए जाने की भी अपनी वजह है। देखा जाए तो यह बरसात का आखिरी दौर है। कई साल पहले भारी बारिश की वजह से लोगों को तरह-तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ता था। बरसात में कई संक्रामक बीमारियां फैल जाया करती थीं, जिससे कई लोगों को इलाज न मिल पाने की वजह से अपनी जान गंवानी पड़ती थी। कई बार भारी बारिश, बाढ़, बिजलनी गिरने से भी तबाही होती थी। न सिर्फ जान-मान का भारी नुकसान होता था, बल्कि फसलें भी तबाह हो जाया करती थीं।

ऐसे में अगर सब कुछ सही से निपटे, तो बरसात के खत्म होने पर लोग ईश्वर का शुक्रिया अदा करते थे कि कोई अनहोनी नहीं हुई। अश्विन महीने में सूर्य की कन्या संक्रांति (सैर संक्रांति) पर ज्यादातर फसलें पककर तैयार हो जाती है। इसलिए देवताओं को नई फसल, जैसे कि धान की बाली, भुट्टा (गुल्लु), खट्टा (सिट्रस), ककड़ी वगैरह का भोग लगाया जाता था। आज भी यह परंपरा जारी है। साथ ही लोग बारिश की वजह से पहले कहीं जा नहीं पाते थे, ऐसे में इस दिन वह अपने संगे-संबंधियों से मुलाकात करने घर से निकलते थे। शायद (पक्का नहीं पता, सिर्फ कयास है) इसीलिए इसे सैर कहा जाता है।

तो इस बार भी बरसात ईश्वर की कृपा से अच्छे बरसात निकल गई। इसलिए ईश्वर का शुक्रिया, आपको भी सैर मुबारक हो। आने वाला साल आपके लिए संपन्नता और अच्छा स्वास्थ्य लाए। खुद जानिए, और Share करके दूसरों को भी बताइए कि क्यों मनाई जाती है सैर।

नोट: यही ऑरिजनल पोस्ट है, जिसे सबसे पहले जोगिंदर नगर कम्यूनिटी पेज पर शेयर किया गया था। बाद में वहीं से कुछ साइट्स और पेजों ने बिना क्रेडिट दिए चुराया है। अगर यह जानकारी आपको शेयर करनी है तो बेझिझक कीजिए, मगर ब्लॉग का URL देना न भूलिएगा।



Aadarsh Rathore
फेसबुक पर एक दोस्त ने यू-ट्यूब का लिंक भेजा था। क्लिक किया तो देखा कि उस विडियो में कुछ लड़के गालियां दे रहे थे। कुछ सेकंड बाद समझ आया कि वे लोग महाभारत के एक अंश का मंचन कर रहे हैं। लेकिन इतनी गालियां और अश्लील संवाद कि उफ! 6 मिनट के उस विडियो को 1 मिनट के अंदर ही मैंने बंद कर दिया। समझ नहीं पा रहा था कि बाकायदा माइक लेकर अश्लील और घिनौने संवाद अदा कर रहे उन लोगों का मकसद क्या रहा होगा।
इतने में विडियो के नीचे दी गई जानकारी पर नजर गई। अपलोड करने वाले लिखा था कि कुछ दिन पहले मंडी शहर के एक जाने-माने होटल में आईआईटी मंडी के छात्रों ने एक कार्यक्रम का आयोजन किया था, जिसमें इस तरह से एक बेहूदा ड्रामा किया गया। अपलोड करने वाले ने यह भी लिखा था कि उसका मकसद किसी की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने की नहीं है, वह तो बस इस शर्मनाक हरकत को लोगों के सामने लाना चाहता था।

विडियो देखने के बाद यह जानना मुझे सन्न कर गया कि यह हरकत आईआईटी मंडी के छात्रों ने की है। मुझे बहुत दुख पहुंचा। दुख इस बात का कि आखिर हमारे किस दिशा में जा रहे हैं? आईआईटी में पहुंचने वाले छात्रों को एक अलग नजर से देखा जाता है। वह आम छात्रों से हटकर इसलिए भी होते हैं, क्योंकि वे वहां अपनी मेहनत और काबिलियत के दम पर पहुंचे होते हैं। जिस गंभीरता और समर्पण से उन्होंने पढ़ाई की होती है, वह सभी के बस की बात नहीं होती। ऐसे में इन समझदार युवाओं से इस तरह की हरकत की उम्मीद नहीं थी।

उस विडियो को देखकर मुझे बुरा इसलिए नहीं लगा कि उसमें महाभारत के पात्रों का अपमान हुआ। मेरी ‘धार्मिक भावनाओं’ को ठेस भी नहीं पहुंची। अगर यूं ही छोटी-छोटी बातों से किसी की ‘धार्मिक भावना’ को ठेस पहुंचने लग जाए, तो इसके 2 ही मतलब हो सकते हैं। या तो आपके धर्म में कमी है, या फिर आपकी भावना में।  इसलिए, मुझे चिंता उन छात्रों के व्यवहार को देखकर हुई। क्या युवाओं का बौद्धिक स्तर इतना गिर गया है, कि वे सही और गलत का फर्क ही न समझ पाएं?

जुए वाले प्रकरण में पांडवों ने सब कुछ हारकर अपनी इज्जत गंवा दी थी। आज उसी घटना का मंचन करते हुए वे छात्र भी मान-मर्यादा हार गए। मंच पर खुलेआम न सिर्फ गालियां दी जा रही थीं, बल्कि मां और बहनों को लेकर ऐसे संवाद कहे जा रहे थे, जिन्हें सुनकर सीने पर वज्रपात होता है। ड्रामा करने का उद्देश्य बेशक मनोरंजन रहा हो, लेकिन क्या इसके लिए अश्लील संवाद जरूरी थे? मुद्दा यह नहीं है कि वह ड्रामा महाभारत से प्रेरित था या रामायण से, प्रश्न यह है कि उसमें फूहड़ता क्यों डाली गई? गालियां समाज का अंग हैं और धार्मिक पात्रों को लेकर अश्लील चुटकुले सुनने-सुनाने वालों की भी कमी नहीं। लेकिन आज तक ऐसा घिनौना वाकया कहीं नहीं घटा था कि इस बौद्धिक दीवालिएपन का प्रदर्शन सार्वजनिक रूप से किया जाए।

इसे बालपन की नासमझी मानना सही नहीं होगा। अगर एक अकेला छात्र ऐसा करता, तो उसे उसकी नासमझी या शरारत समझा जा सकता था। लेकिन यह सब तो बड़े पैमाने पर सामूहिक रूप से हो रहा था। क्या किसी के भी मन पर यह विचार नहीं आया, हम इस तरह की गंदी भाषा सभी के सामने कैसे इस्तेमाल करेंगे?  धार्मिक पात्रों को तो छोड़िए, क्या मां-बहन के प्रति अपमानजनक बातें कहते हुए किसी के मन में अपनी मां-बहन का ख्याल नहीं आया? इन फूहड़ता पर ठहाके लगा रहे लोगों की भीड़ में से भी किसी को यह गलत नहीं लगा? मालूम नहीं कि वहां लड़कियां थीं या नहीं, लेकिन अगर वे वहां थीं तो यह और भी शर्मनाक बात है।

हमारा हिमाचल प्रदेश बहुत ही खुले और प्रगतिवादी विचारों वाले लोगों से भरा है। यहां पर छोटी-छोटी बातों पर बाकी जगहों की तरह बवाल नहीं होते। यहां कोई किसी के काम में दखल नहीं देता। न यहां खाप पंचायतों की खप है, न ही धार्मिक रोक-टोक। फिर भी हमारे यहां कुछ मर्यादाएं और सीमाएं हैं। खास बात यह है कि ये मर्यादाएं हम पर किसी और ने नहीं थोपी हैं। इन मर्यादाओं को हमें खुद तय करना होता है और खुद ही इनका पालन भी करना होता है। हिमाचल की तरह की वैचारिक आजादी भारत के किसी दूसरे राज्य में आपको नहीं मिलेगी। लेकिन आजादी का सम्मान करना भी जरूरी होता है। आधुनिक होने का मतलब यह कतई नहीं है कि हम अपनी जड़ों को भूल जाएं।

मुद्दा यह नहीं है कि वे किस संस्थान के छात्र हैं या कहां के रहने वाले हैं। साथ ही यह बात भी मायने नहीं रखती कि गालियां किसे दी गई हैं। बात सीधी सी है कि हमारे बीच में से ही कुछ लोगों ने ऐसा व्यवहार किया है। इसलिए इस मुद्दे पर ओवर रिऐक्ट करने या इसे ज्यादा तूल देने की जरूरत भी नहीं है। सुबह का भूला अगर शाम को घर लौट आए, तो उसे भूला नहीं कहते। बेहतर हो कि वे सभी युवा इस घटना के लिए माफी मांगें और गंभीरता से भविष्य निर्माण में जुट जाएं।

Like on Facebook: Aadarsh Rathore
Aadarsh Rathore

हाहाकार भी करते हो
जय-जयकार भी करते हो,
कौन सी मजबूरी है
किस बात से डरते हो?

(नेताओं की रैलियों में नारेबाजी कर रहे लोगों से सवाल)

Like on Facebook: Aadarsh Rathore

Aadarsh Rathore
गेंदे रे फुल्ला री मालां बनाणी
हर इक दरेह्ली गास सजाणी,
रंगोली बनाणी, अंगण चमकाणा
सबनां कट्ठे होई नचणा-गाणा,
बबरु पकाणे, बाबे जो चढ़ाणे
पूजा करनी, मिली-जुली खाणे,
ड्युठलियां भखाई कने करनी लौ
दियाली मुबारक हो तुसां सबना जो
Aadarsh Rathore
जब जला रहे थे सब फुलझड़ियां
तब बरस रही थीं आंसू की लड़ियां
आतिशबाजी सी उड़ने की चाह में
हर उमंग हुई थी बावली
मनाई कहां, बस देखी ही देखी
घर से दूर दीपावली...

जगमग रोशनी हो गई झिलमिल
हल हो नहीं पाई अजब ये मुश्किल
पटाखों की धमक को हराने की चाह में
हर धड़कन हुई थी उतावली...
मनाई कहां, बस देखी ही देखी
घर से दूर दीपावली...
Aadarsh Rathore
दो घड़िया रा जीणा ओ माणुआ
जी लै तू जी भरी ने,
जेढ़ा मना हूं आंदा करी लै
कजो रैंदा तू डरी-डरी के।।

ड़ेसी-पड़ेसी, रिश्तेदार
झूठा हा इन्हा सभी रा प्यार,
ताने मारने कने गल्लां करने हूं
सबके सब बड़े होशियार।।

तेरी जिंदगी तेरी अपणी
कुसी होरी रा कोई अधिकार नई,
मत सोच कि लोका क्या ग्लाणा
तिन्हा गल्लां रा कोई आधार नई।।

मत कर कुसी री नकल
भाल जरा दिला हूं अपणे,
सारी चाहतां, सारी ख्वाहिशा
पूरे करी लै तू सारे सुपणे।।


(हिमाचली रैप के लिए तैयार किया था)
Aadarsh Rathore
बादलों से सजा अंबर
हवा में आई ठंडक
बेदम सूरज की किरणें
बारिश की फुहारें
धुले हुए पेड़-पौधे
ताजा उगी हरी घास
छत से गिरती जलधारा
आंगन में आई फिसलन
पानी के ये छपड़े
धुली हुई काली सड़क
नदियों का मटमैलापन
और उनका संगीत
पगडंडियों का साफ़ कीचड़
गिनाने को तो बहुत कुछ है
फिर भी वो कहते हैं
कि नया कुछ भी नहीं है...
(नोट- दिल्ली वालों के लिए नहीं है)
Aadarsh Rathore
नमस्कार दोस्तो! नया रैप तैयार हो गया है... नाम दिया है "मैं हिमाचली"... पिछले रैप को पसंद करने और मुझे प्रोत्साहित करने के लिए धन्यवाद। एक और बात, कृपया सुनने के बाद इस ब्लॉग टिप्पणी देना न भूलें। आपकी टिप्पणी मुझे अपनी रचनाओं का स्तर सुधारने और आने वाले समय में और बेहतर करने के लिए प्रेरणा देगी।
ये रहा नए रैप का लिंक:

Main Himachali- Aadarsh Rathore.mp3

इस लिंक पर क्लिक करने पर नया पेज खुलेगा जिसमें ऑन लाइन प्लेयर होगा। वहां आप गाना सुन भी सकते हैं और पसंद आने पर डाउनलोड भी कर सकते हैं।
Aadarsh Rathore
आज तक आपने अंग्रेजी, पंजाबी या अन्य भाषाओं में रैप सुने होंगे। लेकिन आज आप सुनिए हिमाचली रैप। ये मेरी खुद की रचना है और घर पर ही इसे तैयार किया है। हिमाचली बोली के इस पहले रैप को सुनकर प्रतिक्रिया अवश्य दें।
Aadarsh Rathore
इन दिनों मेरे सर पर गाने कंपोज करने का भूत सवार है। इन दिनों इतना समय नहीं मिल पा रहा कि मैं अपनी धुनें तैयार कर सकूं। इसलिए इंग्लिश गानों के म्यूजिक ट्रैक्स के साथ ही प्रयोग कर रहा हूं। मेरा एक ऐसा ही प्रयोग आपके सामने है। इस बार Boyzone के No Matter What गाने के वाद्य यंत्रों वाले ट्रैक पर एक गाना गाया है। गाना हिमाचली में है और इसकी शब्दावली भी मैंने खुद लिखी है। दरअसल इस गाने में मैंने अपने मनोभाव भी चित्रित किए हैं। मैं यहां दिल्ली में रहकर अपनी जन्मभूमि को बहुत याद करता हूं। इसी से संबंधित है ये गाना।



CLICK HERE TO DOWNLOAD THIS SONG
इसमें प्रथम पंक्तियों में शहर गए एक युवक को बुलाया जा रहा है।

कितनी मैं हाकां पाई
आइजा की हुण घरा जो,
आइजा ओ मेरेया प्यारेया
छड्डी दे तू शहरा जो...।


इस पंक्तियों का अर्थ है- तुझे कितनी बार आवाज लगा दी, अब तो घर आजा। मेरे प्यारे तू शहर छोड़ कर आजा। इससे आगे की पंक्तियां हैं...

नाते तैं दित्ते भुलाई
भूलया तू अपणा ग्रां,
खड्डा री छेड़ तू भुलेया
अंबा रे डाला री छां...।


इनका अर्थ है- रिश्ते तूने भुला दिए हैं, अपने गांव को भी भूल चुका है। नदी की मीठी आवाज को भी भूल गया है और आम के पेड़ की ठंडी छांव को भी। इसके बाद शहर में रहने वाला युवक उत्तर देता है

मन ता मेरा भी करदा
पर आऊं किंया घरा जो
कोशिश ता पूरी मैं करदा
पर शहर नी छडदा मिंजो...।


इन पंक्तियों का अर्थ है- मन तो मेरा भी करता है कि मैं घर आऊं। इसके लिए मैं पूरी कोशिश भी करता हूं लेकिन कमबख्त ये शहर ही मुझे नहीं छोड़ रहा है।

उपरोक्त पंक्तियां वाकई में हर उस व्यक्ति की कहानी है जो अपने गांव, शहर को छोड़कर दूर आया है। मन तो बहुत चाहता है कि पराया शहर छोड़कर अपनी जड़ों की तरफ चले जाएं लेकिन ऐसा चाहकर भी नहीं हो पाता। अब ऐसे चक्र में बंध गए हैं कि लौटना अब मुश्किल लगता है। आप कितनी भी कोशिश कर लें ये शहर छोड़ने की, ये शहर आपको नहीं छोड़ेगा। बहरहाल, ये आधूरा गाना है। जल्द ही इस गाने के पूरे और अच्छी गुणवत्ता वाले संस्करण के साथ आऊंगा।
Aadarsh Rathore
जब से घर से वापस आया हूं तब से कुछ उदास हूं। घर गया तो एक उत्साह था, सोचा था इस बार अपने शहर में कुछ नया देखने को मिलेगा। जोगिन्दर नगर, हिमाचल प्रदेश के मण्डी ज़िले का एक प्रमुख क़स्बा। यही वह जगह है जहां पर देश के प्रथम हाइड्रो इलेक्ट्रिक पावर स्टेशन ने काम करना शुरु किया था। वो भी अंग्रेजों की बदौलत। अंग्रेजों ने पावर हाउस बनाने के मकसद से सामान ढोने के लिए रेलवे लाइन बिछाई थी जो अब तक जस की तस पड़ी है। उस लाइन पर एक इंच की बढ़ोतरी नहीं हुई, हां जोगिन्दर नगर से पावर हाउस तक जाने वाली लाइन ज़रूर बंद हो गई है।

यहां के विधायक ठाकुर गुलाब सिंह जी इस वक्त हिमाचल प्रदेश सरकार में लोक निर्माण विभाग में मंत्री पद पर आसीन हैं। इसलिए मैंने सोचा था कि इस बार उन्होंने ज़रूर इलाके के लिए कुछ खास किया होगा। सड़कें एकदम मखमल सी होंगी, कई नई योजनाएं शुरु की होंगी। लेकिन ऐसा कुछ भी नहीं मिला। इससे पहले भी ठाकुर साहब कई बार महत्वपूर्ण विभागों में मंत्री रहे हैं। ठाकुर गुलाब सिंह कई बार इस विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुने गए। हर बार पार्टी बदलकर उन्होंने सत्ता सुख का आनंद लिया। कभी बीजेपी की सरकार में रहे तो कभी कांग्रेस की सरकार में। लेकिन जनाब ने इलाके में विकास के नाम पर कुछ नहीं किया।

ये जो तस्वीर आप देख रहे हैं ये जोगिन्दर नगर बस स्टैंड की है। ये सड़क कई सालों से ऐसी ही है।

बस स्टैंड का नया भवन बन गया लेकिन इसकी हालत नहीं सुधरी। और तो और जो सड़क मंत्री जी के पैतृक गांव और मुख्य क़स्बे को जोड़ती है, उसकी हालत ये है कि गड्ढे गिन-गिनकर थक जाओगे। इतने सालों में क्षेत्र में एक अच्छा शिक्षण संस्थान नहीं खुल पाया। एक पटवारी प्रशिक्षण संस्थान खुला है जिसका कोई लाभ नहीं।

अंग्रेज जो विकास कर गए थे उसके बाद तरक्की की रफ्तार बहुत मंद रही। अच्छा शिक्षण संस्थान और स्कूल न होने की वजह से अच्छे डॉक्टर आदि भी इस कस्बे में नहीं आना चाहते। खेल सुविधाओं के नाम पर फूटी कौड़ी खर्च नहीं की गई। मेला ग्राउंड नाम से प्रसिद्ध मैदान जो किसी वक्त स्थानीय सरकारी स्कूल की संपत्ति थी, आज उसे टैक्सी स्टैंड में तब्दील कर दिया गया है। उसकी दुर्दशा पर आंसू बहाने के अलावा कुछ किया भी नहीं जा सकता। जहां तक एक बड़े ग्राउंड, जो शहर से बाहर की तरफ है, का सवाल है तो वहां स्टेडियम बनाने के नाम पर लाखों का खर्च दिखाया गया। हकीकत ये है कि स्टेडियम के नाम पर बेहूदा सी बिल्डिंग खड़ी कर दी गई है जिसने मैदान की जगह भी कम कर दी है।

कछुए की गति से अस्पताल के भवन का निर्माण हो रहा है। पिछले माह कॉलेज के साइंस ब्लॉग का उद्घाटन किया गया। ऐसे वक्त जब कॉलेज में पढ़ने वाले छात्रों की संख्या में लगातार कमी आ रही है। ये काम बहुत पहले ही हो जाना चाहिए था। मंडी से पठानकोट जाने वाला राजमार्ग शहर के बीच से गुज़रता है। महत्वपूर्ण मार्ग होने के कारण सेना के ट्रक और अन्य भारी वाहनों का लगातार आवागमन होता रहता है। तंग सड़कें होने के कारण हादसों का अंदेशा लगातार बना रहता है। एक बाईपास रोड की ज़रूरत है लेकिन कोई भी इस ओर ध्यान नहीं दे रहा।

पर्यटन की भी जोगिन्दर नगर में अपार संभावनाएं हैं। पैरा ग्लाइडिंग लर्निंग स्पॉट, ऐतिहासिक पावर हाउस आदि होने की वजह से इसे अच्छी तरह विकसित किया जा सकता है। लेकिन हमारे नेताओं को सरकारी कर्मचारियों की ट्रांसफर करवाने से ही फुरसत नहीं मिलती।

वहीं हमारे बगल का विधानसभा क्षेत्र है धर्मपुर। महेन्द्र सिंह वहां के विधायक हैं। महेन्द्र सिंह की लोकप्रियता का अंदाज़ा आप इस बात से लगा सकते हैं कि विगत 25 सालों में उन्होंने 5 बार अलग-अलग पार्टी के टिकट से विधानसभा का चुनाव लड़ा और हर बार विजयी हुए। बड़े-बड़े दिग्गज उनके आगे नतमस्तक हो गए। अभी हाल ही उन्हें धूमल सरकार में परिवहन मंत्री का पद दिया गया। पद मिलने के अगले दिन ही उन्होंने धर्मपुर में रोडवेज़ का डिपो खोलने की घोषणा कर दी। अब भला जनता को क्या चाहिए।

जोगिन्दर नगर के विधायक ठाकुर गुलाब सिंह एक अच्छे वक्ता हैं। अपनी भाषण के बूते ही हर बार वो गोली देकर जनता को उल्लू बना देते हैं। और दूसरा तबका जो उनका समर्थन करता है वो हैं सरकार कर्मचारी। ये लोग अपनी ट्रांसफर इलाके से बाहर न होने देने के लिए साहब के पिछलग्गू बने रहते हैं। हालांकि इसी रवैये के कारण उन्हें पिछली बार हार का स्वाद भी चखना पड़ा था लेकिन उन्होंने सबक नहीं लिया।

भोली-भाली पहाड़ी जनता भाषणों की गोली खाकर ही संतुष्ट है। गांवों में निर्वाह कृषि करके वो खुश रहती है और ज्यादा सपने नहीं देखती। इसी का फायदा उठाकर हर बार ये नेता सत्ता सुख उठाते रहते हैं और इलाके की ऐसी-तैसी कर देते हैं। ऐसे में दु:ख तो होगा ही।
Aadarsh Rathore
खूबसूरती किसमें है, शहर की चकाचौंध में या गांव की सादगी में? शहर में रहकर हम प्रकृति से बहुत दूर हो गए हैं। शायद हम भूल गए हैं कि खूबसूरती क्या होती है। अचानक से आई स्वास्थ्य सम्बन्धी समस्याओं की वजह से ब्लॉगिंग से वाकई दूर होना पड़ा। स्वास्थ्य लाभ के लिए इन दिनों प्रकृति के आंचल में अपने जन्मस्थान हिमाचल प्रदेश में हूं। कई दिनों से अपना गांव याद आ रहा था। एक पोस्ट में मैंने लिखा था कि देखते हैं कि शहर की चकाचौंध कब तक गांव जाने से मुझे रोक पाती है। अब गांव में पहुंच तो गया लेकिन खराब स्वास्थ्य के कारण। खैर वजह जो भी रहे, अब ठीक हो रहा हूं। थोड़ा चलने-फिरने लायक हुआ तो गाड़ी लेकर आसपास घूमने निकल गया। अपने मोबाइल के कैमरे से कुछ तस्वीरें खींची हैं। सोचा आपके साथ बांट लूं।

(बड़े आकार में देखने के लिए चित्रों पर क्लिक करें)


मेरे पैतृक गांव भालारिढ़ा को जाती कच्ची लेकिन खूबसूरत सड़क




गांव में ही सूर्यास्त का नज़ारा




और ये है पास के गांव डोहग में सूर्यास्त का दृश्य




डोहग गांव में घास चरता एक पशु




एक और शॉट




अब जिस वाहन पर घूमने निकला था उसे कैसे भूल सकता हूं

यहां पर इंटरनेट की गति बहुत मंद है। इस वजह से अधिक छायाचित्र अपलोड नहीं कर पाया। जब दिल्ली वापस आऊंगा तो कुछ और छायाचित्र प्रकाशित करूंगा। बस एक सप्ताह और...
Aadarsh Rathore
सरकारी कैलेंडर के ठीक बीचों-बीच लगी एक तस्वीर, जिस पर एक हरे रंग की हिमाचली टोपी पहने व्यक्ति का फोटोग्राफ है जो एक बेहद शालीन मुस्कान बिखेर रहा है। इस कैलेंडर को बचपन से देखता आया हूं। वीरभद्र सिंह का नाम सुनकर अब मन में सबसे पहले वही छवि उभर कर सामने आती है। इस कैलेंडर को बचपन से देखता आया हूं क्योंकि ज्यादातर बार वीरभद्र सिंह ही मुख्यमंत्री रहे और उनके वक्त छपने वाले सरकारी कैलेंडर्स में उनकी ही छवि रहती है। बीच मे एक बार शांता कुमार और एक बार धूमल साहब का फोटो भी सजा था। इन दिनों तो धूमल साहब ही लाल रंग की हिमाचली टोपी पहने हर कैलेंडर पर शोभायमान हैं।

5 बार हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे और इस बार लोकसभा के लिए चुने गए वीरभद्र सिंह कल मनमोहन सरकार के मंत्री पद की शपथ लेंगे। राजा साहब के नाम से लोकप्रिय वीरभद्र सिंह का हिमाचल की राजनीति में एक अलग स्थान है। वह कांग्रेस के वरिष्ठतम नेता हैं। कई लोगों ने राजा साहब को पछाड़ने की कोशिश की। विद्या स्टोक्स और कई दूसरे लोगों ने राजा साहब को पार्टी नेतृत्व से हटाना चाहा, लेकिन ये उनकी योग्यता और राजनीतिक सूझबूझ ही थी कि वह न केवल आज भी पार्टी में सम्मानित पद पर हैं बल्कि उनके विरोधी खुद आज अपनी ज़मीन तलाश रहे हैं।

वीरभद्र सिंह ने सन् 1962 में अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत की ती। तब से लेकर उन्होंने आज कर कई बार चुनाव लड़े और हर बार जीत हासिल की। राजा साहब सात बार विधायक रहे, पांच बार प्रदेश के मुख्यमंत्री और इस बार लोकसभा में बतौर सांसद चुनकर आए हैं। वह लोकसभा में पांचवीं बार चुनकर आए हैं। पिछले 47 सालों से वीरभद्र सिंह लगातार राजनीति में हैं। उन्होंने इस बार अपनी पत्नी प्रतिभा सिंह की जगह मंडी सीट से चुनाव लड़ा था। इस बार हिमाचल में बीजेपी की सरकार है और मंडी लोकसभा सीट में ज्यादातर बीजेपी के ही विधायक हैं। ऐसे में वीरभद्र की हार तय मानी जा रही थी। लेकिन उन्होंने न केवल अपने प्रतिद्वंदी को 13,000 से ज्यादा मतों से हराया बल्कि वह पूरे प्रदेश से अकेले कांग्रेसी सांसद है। राजा साहब के नाम से लोकप्रिय वीरभद्र सिंह ने इस बार 29 साल बाद लोकसभा चुनाव लड़ा था। इस बार मंडी लोकसभा सीट से बीजेपी के महेश्वर सिंह के खिलाफ चुनाव लड़ते हुए उन्होंने जबर्दस्त करिश्मा दिखाया। राजा साहब ने सात बार विधायक पद का चुनाव भी लड़ा और हर बात जय हासिल की। वीरभद्र सिंह 1962, 1967, 1972, 1980 में भी लोकसभा सदस्य रहे हैं। इसके अलावा वे 1983, 1985, 1990, 1993, 1998, 2003 तथा 2007 में विधायक रहे। इनमें से सन् 1983,1985, 1993, 1998 और 2003 में वो मुख्यमंत्री के पद पर काबिज रहे। पार्टी में वरिष्ठता के क्रम और हिमाचल प्रदेश के अकेले सांसद होने के कारण उन्हें कैबिनेट में जगह मिल रही है। इससे पहले भी वीरभद्र सिंह 1976 से 1977 तक केंद्र में क्रमश: नागरिक उड्डयन तथा पर्यटन राज्यमंत्री और 1982 से 1983 तक केंद्र में उद्योग राज्यमंत्री रहे हैं।

वीरभद्र सिंह को कैबिनेट में जगह मिलना वाकई सम्मान की बात है। वीरभद्र सिंह के केंद्रीय राजनीति में चले आने से उनकी पार्टी में उनके विरोधी काफी खुश नज़र आ रहे हैं। क्योंकि जब तक वीरभद्र हिमाचल में हैं, कांग्रेस का उनसे अलग कोई वजूद नज़र नहीं आता। लेकिन सही है कि वह केंद्रीय राजनीति में आ गए। एक तो उनके अनुभव से देश को फायदा होगा वहीं प्रदेश में नई पीढ़ी के लोगों को भी आगे बढ़ने का मौका मिलेगा।

चलिए, कैबिनेट पद तो मिला। इसस बहाने प्रदेश का भला तो होगा। वरन् राज्य में है बीजेपी की सरकार और केद्र में कांग्रेस की। विकास के लिए मिलने वालें फंड्स में भेदभाव और तमाम दूसरे आरोप लगते। अब कम से कम सूबे के विकास के लिए और जनता का नेतृत्व करने के लिए कोई तो मौजूद है। समस्त हिमाचल वासियों को बधाई, भले ही वह किसी भी पार्टी से ताल्लुक रखते हों।
Aadarsh Rathore

दुनिया भर में किसी जगह के नाम पर प्रचलित टोपियों का ज़िक्र होता है तो उसमें कश्मीरी टोपी और अफगानी टोपी के बाद हिमाचल प्रदेश का नाम आता है। हिमाचली टोपी के नाम से जानी जाने वाली ये टोपी हिमाचल प्रदेश की संस्कृति का अभिन्न हिस्सा है। हिमाचली टोपी मान-सम्मान के आदान-प्रदान का एक ज़रिया है। हालांकि आधुनिकता की चपेट में आए हिमाचल के युवा इस टोपी को उतारकर स्टाइलिश और डिज़ाइनर कैप्स का रुख करने लगे हैं लेकिन आज भी सूबे की 15 से 20 प्रतिशत जनता के शीश पर यही टोपी सजी रहती है। प्रदेश की पहाड़ी और मूल आबादी आज भी इन टोपियों को पहनती है। ये पारंपरिक टोपी हिमाचल प्रदेश में राजनैतिक पहचान भी रखती हैं। हिमाचल में सरकार बदलते ही शिमला के रिज मैदान में लोगों से सिरों पर दिखने वाली टोपियों के रंग बदल जाया करते हैं। कांग्रेस की सरकार के दौरान रिज में हरे रंग वाली टोपियां पहने लोग दिखते थे जबकि अब लाल रंग की टोपी पहने लोगों की तादात ज्यादा दिखती है। दरअसल हरे रंग वाली ये बुशहरी टोपी राजा वीरभद्र सिंह औऱ उनके समर्थकों की पहचान है। 1984 में जब वीरभद्र सिंह पहली बार मुख्यमंत्री बने थे तभी से ये टोपी हिमाचल प्रदेश में कांग्रेसियों की पहचान बनी है। इसके इतर बीजेपी के नेताओं ने बुशहरी टोपी की काट में कुल्लुवी टोपी को अपनाया है। लाल रंग वाली ये टोपी उस वक्त चलन में आई जब प्रोफेसर प्रेमकुमार धूमल 1998 में पहली बार मुख्यमंत्री पद पर आसीन हुए थे। इससे पहले शांता कुमार की कुल्लुवी टोपी, जिसमें धारियां सी बनी होती हैं, बीजेपी की पहचान थी। सन् 1977 से लेकर 1990 तक जब तक का शांता कुमार राजनीति के केन्द्र में रहे, ये टोपी खासी प्रसिद्ध रही। लेकिन अब खुद शांता कुमार के सिर पर ये टोपी कम ही नज़र आती है। टोपियों की राजनीति को महत्ता को समझते हुए कांग्रेस को दामन छोड़ बीएसपी का पल्लू थामने वाले मेजर विजय सिंह मनकोटिया ने बीजेपी और कांग्रेस की इन टोपियों को टक्कर देने के लिए तिरंगनी टोपी लॉन्च की थी। लेकिन न तो ये टोपी हिमाचली टोपी को टक्कर दे पाई और न ही बीएसपी कुछ रंग दिखा पाई। मनकोटिया के राजनीति से संन्यास लेने के साथ ही ये टोपी भी ग़ायब हो गई है।

हिमाचली टोपी प्रदेश की मान-मर्यादा से जुड़ी हुई है। बाहर से आने वाले हर मेहमान का सम्मान हिमाचली टोपी पहनाकर ही किया जाता है। पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी, लाल कृष्ण आडवाणी, मायावती, सोनिया गांधी, अफगान राष्ट्रपति हामिद करजेई समते कई देशी विदेशी हस्तियां हिमाचली टोपी पहन चुके हैं। लेकिन इसमें भी राजनीति होती है। जिस पार्टी की सरकार होती है, वह उसी रंग की टोपी अपने मेहमानों को पहनाती है।
विदेशों से आने वाले पर्यटक तक इस टोपी के मुरीद हैं। हिमाचल से लौटते वक्त वो अपने साथ एक टोपी ले जाना नहीं भूलते। लेकिन हिमाचली टोपी चलन से हटकर अब एक प्रतीक बन कर रह गई है। सिर्फ इलेक्शन के समय इसकी डिमांड बढ़ती है वरना कोई नहीं पूछता। घरों में अलमारियों में नेप्थेलीन की गोली डालकर रख दी गई इस टोपी को विशेष मौकों पर ही बाहर निकाला जाता है। अलग-अलग पार्टियों और नेताओं की पहचान बनी हिमाचल टोपी आज खुद अपनी पहचान खोती जा रही है।